मुकुट यादव
सम्भल (परिपाटी न्यूज़) धनारी। निजी रास्ते में तारबंदी करने को लेकर हुए विवाद में चार लोगों ने एक युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में युवक के हाथ में खुली चोट आई,जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं। परिजन घायल को लेकर थाना धनारी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई में भर्ती कराया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सम्भल रेफर कर दिया गया। गांव सिरोलिया निवासी स्योदान सिंह पुत्र छोटेलाल ने थाना धनारी में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके मकान और जगह में निजी रास्ता है,जो सरकारी अभिलेखों में दर्ज नहीं है।

उनके मुताबिक,रास्ते में साझेदारों ने अपने-अपने हिस्से में रास्ता बना लिया है। उन्होंने भी अपने हिस्से के रास्ते पर तारबंदी कर दी थी। इसी बात को लेकर गांव के कुंवरपाल व रामकुमार पुत्रगण सूरजपाल तथा सतवीर व सर्वेश पुत्रगण कुंवरपाल उनसे रंजिश मानने लगे।आरोप है कि 13 नवंबर को उक्त चारों लोगों ने उनके पुत्र धर्मवीर को रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह धर्मवीर को हमलावरों से बचाया।आरोपियों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
