Spread the love

गुरप्रीत सिंह

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर। सड़क पर तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। लक्सर-रायसी मार्ग पर अकौढ़ा खुर्द गांव के निकट दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में छह लोग घायल हो गए। इनमें 14 वर्षीय किशोर की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। हादसे में एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। किशोर की मौत के बाद मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में मातम छाया हुआ है। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मुंडाखेड़ा खुर्द निवासी चार किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर लक्सर कोचिंग के लिए निकले थे। इनमें अर्पित, रमन (16), परीक्षित (16) और आर्यन (14) शामिल थे। बताया गया कि स्कूल से घर लौटने के बाद चारों कोचिंग सेंटर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से अंकुल अपनी पत्नी मोनिका के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर हलदौर, बिजनौर स्थित अपने गांव जा रहा था। अकौढ़ा खुर्द के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार सभी छह लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने रमन, आर्यन, परीक्षित, अर्पित और अंकुल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि मोनिका को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे सीटी स्कैन के लिए भेजा गया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में आर्यन की मौत हो गई। परिजन एंबुलेंस से उसका शव लेकर गांव पहुंच गए।14 वर्षीय किशोर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोग बड़ी संख्या में शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी जानकारी नहीं मिली है। मामले की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *