रामचन्द्र मौर्य
सीतापुर ( परिपाटी न्यूज़) सीतापुर जिले के महोली कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव में एक आपत्तिजनक टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक झड़प और तनाव के चलते पहले बुजुर्ग महिला चमेली देवी और उसके ठीक एक दिन बाद उनके बीमार पति नरेश की भी मौत हो गई। एक ही परिवार में दो मौतों के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आपत्तिजनक टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद पूरा मामला कुछ दिन पहले का है, जब देवकली गांव के कक्षा 9 के छात्र नैमिष ने दवा लेने जा रही अनीता पर ‘कल्लो’ कहकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके करीब आठ दिन बाद, बीच बाजार में अपमानित महसूस करने पर अनीता ने नैमिष को अपने दरवाजे के सामने देखकर चप्पलों से पीट दिया था। यह बात नैमिष की नानी चमेली देवी को नागवार गुजरी। फैसला कराने के दौरान भड़की हिंसा मामले को सुलझाने के लिए चमेली देवी अपने बेटे कुलदीप, बहू अनीता और बेटी नीमा समेत करीब आधा दर्जन लोगों के साथ पड़ोसी गांव फतेहपुर पहुंचीं। ग्रामीणों ने पंचायत के लिए प्रधान के भाई श्रवण को बुलाया। आरोप है कि पंचायत के दौरान श्रवण के अपमानित होने से ग्रामीण भड़क गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।

इस खूनी संघर्ष के दौरान बीच-बचाव और मारपीट में चमेली देवी बेहोश हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। पति की भी हार्ट अटैक से मौत, मार्ग जाम कर प्रदर्शन पत्नी चमेली देवी की मौत का सदमा उनके बीमार पति नरेश बर्दाश्त नहीं कर सके। गुरुवार को जैसे ही उन्हें चमेली की मौत की खबर मिली, उन्हें दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा और उनकी भी मौत हो गई। एक साथ पति-पत्नी की मौत से ननिहाल में रह रहे छात्र नैमिष के प्रति ग्रामीणों की सहानुभूति काफी बढ़ गई। घटना के विरोध में और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को महोली-वजीरनगर मार्ग पर जाम लगा दिया गया। मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया। पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। क्षेत्राधिकारी (CO) नागेंद्र कुमार और इंस्पेक्टर जेबी पांडे ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया। इंस्पेक्टर जेबी पांडे ने बताया कि कुलदीप की शिकायत पर पहले ही प्रधान के भाई समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें से 5 नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतका चमेली देवी का बिसरा सुरक्षित रखवाकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
