गुरप्रीत सिंह
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर क्षेत्र विधानसभा खानपुर के प्रहलादपुर में हाईटेंशन विद्युत लाइन से निकली एक चिंगारी किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई। खेतों में खड़ी गन्ने की फसल ने आग पकड़ ली और आग ने देखते ही देखते आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में लगभग 30 बीघा गन्ने की फसल जलने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद किसानों का गुस्सा विद्युत विभाग के खिलाफ फूट पड़ा है। किसानों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन से लगातार खतरा बना रहता है और विभाग की लापरवाही का खामियाजा आखिरकार किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसानों ने सवाल उठाया कि जब विद्युत लाइनों से इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है, तो विभाग समय रहते मरम्मत और सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं करता? वहीं, किसानों ने इस मामले को लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा है।

किसानों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, विद्युत विभाग की जिम्मेदारी तय की जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसानों की मेहनत और उनकी फसलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या विद्युत विभाग इस घटना से सबक लेकर जर्जर और खतरनाक विद्युत लाइनों को दुरुस्त करेगा? और सबसे अहम बात, क्या जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी या फिर हर बार की तरह किसान अपनी बर्बादी का दर्द लेकर ही रह जाएंगे?
