गुरप्रीत सिंह
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर के पीपली गांव में हर बेटी को सम्मान और हर परिवार को खुशियां देने के संकल्प के साथ खानपुर विधायक उमेश कुमार एक बड़ी सामाजिक पहल करने जा रहे हैं। हरिद्वार जनपद के लक्सर तहसील क्षेत्र के पीपली गांव में 24 नवंबर 2026 को 251 निर्धन कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह में देश की कई जानी-मानी हस्तियां, प्रसिद्ध गायक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शिरकत करेंगे। आपको बता दें कि यह भव्य सामूहिक विवाह समारोह मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को पीपली गांव, तहसील लक्सर, हरिद्वार में आयोजित होगा। कार्यक्रम के आयोजक खानपुर विधायक उमेश कुमार हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, बेटियों का सम्मान करना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उनकी बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना है। भव्य समारोह में कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की जानकारी आमंत्रण पत्र में दी गई है। इनमें शेरा, मीका सिंह, बी प्राक, आचार्य बालकृष्ण जी, अवध ओझा जी, धनंजय सिंह जी और प्रसिद्ध हरियाणवी गायक मासूम शर्मा सहित कई चर्चित चेहरे शामिल हैं।

कार्यक्रम में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन की खास बात यह है कि 251 कन्याओं का विवाह पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही विशाल भंडारे की व्यवस्था रहेगी और नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी शुरू करने के लिए आवश्यक सामग्री भी भेंट की जाएगी, ताकि बेटियां अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मान और खुशियों के साथ कर सकें। अब देखने वाली बात होगी कि इस ऐतिहासिक आयोजन में कितनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और यह सामूहिक विवाह समारोह समाज में बेटियों के सम्मान और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए किस तरह एक मिसाल कायम करता है। फिलहाल खानपुर विधायक उमेश कुमार की इस पहल को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है। 24 नवंबर को पीपली गांव में होने वाला यह आयोजन केवल विवाह समारोह ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग और बेटियों के सम्मान का संदेश देने वाला कार्यक्रम बनने जा रहा है।
