Spread the love

नसीम अंसारी

हरिद्वार। (परिपाटी न्यूज़) बाल दिवस के मौके पर बच्चों के अधिकारों सुरक्षा और भविष्य को लेकर पूर्व लोकपाल एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी ने समाज और व्यवस्था को आईना दिखाने वाला संदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बाल दिवस केवल केक काटने मिठाइयां बांटने और बच्चों को उपहार देने तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि यह दिन उन मासूम चेहरों के बारे में सोचने का भी है। जिनका बचपन आज भी कई गंभीर समस्याओं के बीच गुजर रहा है। सुनीता चौधरी ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का मानना था कि आज के बच्चे कल के भारत का निर्माण करेंगे। लेकिन सवाल यह है कि जब बच्चों को सुरक्षित बचपन अच्छी शिक्षा और भयमुक्त माहौल ही नहीं मिलेगा तो वे देश का भविष्य कैसे संवारेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली तरक्की केवल ऊंची इमारतों और विकास के दावों से नहीं बल्कि बच्चों के चेहरे पर खिलने वाली मुस्कान और उन्हें मिलने वाले अधिकारों से मापी जानी चाहिए। बाल कल्याण समिति में कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए सुनीता चौधरी ने कहा कि आज भी समाज में अनेक बच्चे बाल श्रम कुपोषण भिक्षावृत्ति शारीरिक शोषण और शिक्षा से वंचित होने जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। यह स्थिति समाज के सामने कई सवाल खड़े करती है। आखिर इन बच्चों के बचपन की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? क्या केवल कानून बना देने से बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो जाएगा। या फिर समाज को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

उन्होंने कहा कि बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए कानून के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहयोग बेहद जरूरी है। जब तक माता पिता शिक्षक सामाजिक संगठन और प्रशासन एकजुट होकर काम नहीं करेंगे तब तक हर बच्चे को सुरक्षित वातावरण देने का सपना अधूरा रहेगा। सुनीता चौधरी ने जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को प्यार सम्मान शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। किसी भी बच्चे को गरीबी मजबूरी या सामाजिक परिस्थितियों के कारण अपने अधिकारों से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ होने वाले अन्याय को देखकर चुप रहना भी कहीं न कहीं समस्या को बढ़ावा देता है। जरूरत है। कि समाज का हर जिम्मेदार व्यक्ति बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति संवेदनशील बने। उन्होंने माता-पिता से बच्चों को बेहतर संस्कार देने शिक्षकों से सुरक्षित शैक्षिक वातावरण बनाने और प्रशासन से बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए गंभीर प्रयास करने की अपील की। सुनीता चौधरी ने कहा कि बाल दिवस पर बच्चों को केवल उपहार देने की परंपरा से आगे बढ़कर उनके लिए बेहतर भविष्य तैयार करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने भावुक संदेश देते हुए कहा कि जब हम एक बच्चे की मुस्कान की रक्षा करते हैं। तो वास्तव में हम पूरे राष्ट्र के भविष्य की रक्षा करते हैं। अंत में उन्होंने सभी से अपील की कि आइए इस बाल दिवस पर संकल्प लें कि किसी भी बच्चे का बचपन बाल श्रम शोषण भेदभाव और शिक्षा से वंचित रहने की भेंट नहीं चढ़ने देंगे। बच्चों को सिर्फ आज की खुशियां नहीं बल्कि एक सुरक्षित सम्मानजनक और उज्ज्वल कल देना ही बाल दिवस का असली उद्देश्य होना चाहिए।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *