अफजाल हुसैन
सम्भल।( परिपाटी न्यूज़) थाना नखासा की लिवाली पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शनिवार सुबह नखासा थाना क्षेत्र में रुकनुद्दीन सराय गांव के पास बलेनो कार ने स्कूली ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सेंट मेरी स्कूल की कक्षा आठ की छात्रा परिधि (15) और ई-रिक्शा चालक अरुण कुमार (30) घायल हो गए। छात्रा के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। ई-रिक्शा चालक अरुण कुमार रोजाना बच्चों को स्कूल पहुंचाने का काम करता है। उसके मुताबिक ई-रिक्शा में आमतौर पर पांच से छह बच्चे सवार रहते हैं,लेकिन हादसे के समय केवल छात्रा परिधि ही बैठी थी। घने कोहरे के कारण सामने से आ रही बलेनो कार दिखाई नहीं दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया, जबकि कार अनियंत्रित होकर खंदी में उतर गई।हादसे में कार की हेडलाइट, सामने का शीशा और चालक की तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार का नंबर यूपी 14 ईसी 2727 बताया गया है। सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल में भर्ती कराया गया। सुबह करीब नौ बजे उपचार के बाद छात्रा को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।ई-रिक्शा चालक ने बताया कि वह कोहरे के कारण धीमी गति से वाहन चला रहा था,जबकि कार तेज रफ्तार में थी। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि हादसे में छात्रा समेत दो लोग घायल हुए हैं। दोनों का उपचार कराया गया है।
