मोहम्मद इमरान
सम्भल।( परिपाटी न्यूज़)शहर में आमजन की सुविधा के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों की देखरेख को लेकर जिम्मेदारों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। चौधरी सराय पुलिस चौकी के निकट बने पब्लिक टॉयलेट की हालत बेहद खराब है। शौचालय परिसर में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है,पानी की टंकियां सूखी पड़ी हैं और मुख्य दरवाजा भी टूटा हुआ है। इसके चलते यहां आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की ओर से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है,लेकिन देखरेख के अभाव में इनकी स्थिति बदहाल होती जा रही है।

शौचालय में सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है। वहीं,पानी की टंकियों में पानी नहीं आने से लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। सवाल यह है कि यदि कोई व्यक्ति शौचालय का इस्तेमाल करता है तो पानी कहां से लाएगा?इस अव्यवस्था का सबसे ज्यादा खामियाजा महिलाओं को उठाना पड़ रहा है। चौधरी सराय क्षेत्र में दिल्ली सहित अन्य स्थानों के लिए रोडवेज बसों का भी ठहराव होता है। प्रतिदिन हजारों यात्रियों का यहां से आवागमन रहता है। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधा होने के बावजूद इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से शौचालय की नियमित सफाई,पानी की व्यवस्था और टूटे दरवाजे की मरम्मत कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं।
