चौधरी अमरीक सिंह
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज) आगामी चार दिनों तक लगातार जारी रहेगा स्वच्छता अभियान, विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के आसपास सफाई पर विशेष जोर जिलाधिकारीअनुनय झा के निर्देश पर जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित परिषदीय विद्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालय परिसरों एवं उनके आसपास व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराई जा रही है, ताकि स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के साथ ही संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने बताया कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक करीब 400 परिषदीय विद्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यापक स्तर पर स्वच्छता संबंधी कार्य कराए गए हैं।

अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसरों में उगी घास एवं झाड़ियों की सफाई के साथ ही आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी चार दिनों तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के परिसरों एवं उनके आसपास भी बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही गंदगी और झाड़ियों के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं को दूर करना है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को भी अपने घरों और आसपास के स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है जिलाधिकारीअनुनय झा के निर्देशानुसार जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। विशेष सफाई अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में साफ-सुथरा वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
