Spread the love

महज सात दिन पहले हुई थी अंकित की शादी, दो दिन पूर्व ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हुआ था गंभीर घायल; उपचार के दौरान मौत के बाद परिजनों का फूटा गुस्सा, खानपुर इंस्पेक्टर ने आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने का दिया आश्वासन।

गुरप्रीत सिंह

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) खबर लक्सर के खानपुर विधानसभा से है, जहां सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत होने के बाद परिजनों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल हुए अंकित की मौत के बाद परिजनों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। आपको बता दें कि करीब दो दिन पहले खानपुर विधानसभा क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे अंकित ने आज उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अंकित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों का आरोप है कि उन्होंने घटना को लेकर पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार नहीं कर पाई। इसी बात से नाराज परिजनों का गुस्सा आज खानपुर की सड़क पर देखने को मिला।

परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी होने तक मौके से हटने से इनकार कर दिया। सबसे दुखद पहलू यह है कि परिजनों के मुताबिक अंकित की शादी महज सात दिन पहले ही हुई थी। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना था कि इस हादसे ने दो परिवारों की जिंदगी बर्बाद कर दी, लेकिन पुलिस प्रशासन अभी तक आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है। वहीं, जाम की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस प्रशासन ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे खानपुर इंस्पेक्टर ने परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि आरोपी ट्रैक्टर चालक को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

इंस्पेक्टर के आश्वासन के बाद पुलिस प्रशासन ने जाम खुलवाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में सड़क से जाम खुलवा दिया गया। अब देखना यह होगा कि खानपुर पुलिस अपने दिए गए आश्वासन पर कितनी जल्दी अमल करती है और अंकित की मौत के जिम्मेदार बताए जा रहे ट्रैक्टर चालक को कब तक गिरफ्तार कर जेल भेजा जाता है।

By PARIPATI NEWS

PARIPATI NEWS MEDIA GROUP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *