(नसीम अंसारी)
हरिद्वार। (परिपाटी न्यूज़) पथरी क्षेत्र के आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज बहादुरपुर जट में संविधान गौरव दिवस बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की ओर से राज मोहिनी और नरेश कुमार अतिथि के रूप में पहुंचे जिनका स्वागत प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह चौहान द्वारा किया गया। राज मोहिनी ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को हमारा संविधान बनकर तैयार हुआ इसे बनने में 2 वर्ष 11 माह 18 दिन लगे। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया। नरेश कुमार ने बताया कि हमारा संविधान हमें 6 मौलिक अधिकार देता है। और अधिकारों के साथ कर्तव्य भी जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान विश्व का सबसे विशाल संविधान है। और यह एक लिखित संविधान है। जो हमें लोकतांत्रिक देश बनता है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि संविधान निर्माण में डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव अंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान है।

बाबा साहब को संविधान शिल्पी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने सभी छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने संविधान का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की खूबसूरती भारत का लोकतंत्र है। इसमें कोई भी व्यक्ति अपनी योग्यता के अनुसार सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। और इस संविधान के द्वारा जाति धर्म लिंग के कारण किसी से भी भेदभाव नहीं किया जाता है। हमें अपने संविधान के बारे में जानकारी होना अति आवश्यक है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह चौहान और राज मोहिनी जी द्वारा सभी अध्यापक अध्यापिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को संविधान की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अजय यादव, सुदेश कुमार, वीर सिंह, कलीम अंसारी, शाहिद अली, अंजू सैनी, सुदेश चौहान, अनुपमा चौहान, सतीश शास्त्री, अरुणा यादव सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
