हरिओम तोमर
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) संभल। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (TMU), मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर साइंसेज के विद्यार्थियों ने संभल स्थित आर.के. आर्य हाइड्रोपोनिक्स फार्म्स का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए प्रॉब्लम सॉल्विंग एवं आइडिएशन (समस्या समाधान एवं नवाचार के लिए विचार सृजन) विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा कृषि क्षेत्र में मौजूद विभिन्न चुनौतियों की पहचान, उनके समाधान के लिए नवीन विचारों का सृजन और उन विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित करना था। फार्म के संस्थापक शौर्य आर्य एवं संस्थापक चंद्रेश आर्य ने विद्यार्थियों को हाइड्रोपोनिक्स की आधुनिक तकनीक से संचालित इकाई का भ्रमण कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को जलवायु नियंत्रित वातावरण (क्लाइमेट कंट्रोल्ड एनवायरनमेंट) में विदेशी एवं विशिष्ट सब्जियों की खेती की आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान विद्यार्थियों को न्यूट्रिएंट फिल्म टेक्नीक (NFT) एवं ग्रो बैग सिस्टम के माध्यम से लेट्यूस, बोक चॉय, बेसिल, केल सहित विभिन्न विदेशी सब्जियों के उत्पादन, पोषक तत्वों के प्रबंधन, सिंचाई प्रणाली, तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण तथा आधुनिक कृषि में ऑटोमेशन की भूमिका से अवगत कराया गया। शौर्य आर्य ने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार विज्ञान, तकनीक एवं नवाचार के समन्वय से पारंपरिक कृषि को आधुनिक, लाभकारी एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि को केवल एक परंपरागत व्यवसाय न मानकर उद्यमिता, अनुसंधान एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने के लिए भी प्रेरित किया। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कृषि परिस्थितियों में समझने और आधुनिक कृषि उद्यमों की कार्यप्रणाली को करीब से देखने का अवसर मिला।
