विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह, विजेताओं को प्रधानाचार्या ने किया पुरस्कृत
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़)कांठ । हॉवर्ड कॉन्वेंट स्कूल में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस बड़े उत्साह, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन सभा में भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे मूलभूत आदर्शों की जानकारी दी गई तथा उनके महत्व से परिचित कराया गया। संविधान दिवस के अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों के ज्ञान एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिखित और मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग (कक्षा 11 एवं 12) में निशी फरीहा ने प्रथम, हसन माजिद ने द्वितीय तथा हफ्शा चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग (कक्षा 9 एवं 10) में मोहम्मद शमी ने प्रथम, शादान ने द्वितीय तथा अब्दुल अहद अंसारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए हाउस वाइज मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका संचालन योगेश कुमार ने किया। प्रतियोगिता में येलो हाउस ने प्रथम, ब्लू हाउस ने द्वितीय, ग्रीन हाउस ने तृतीय तथा रेड हाउस ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू विश्नोई ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की मजबूत नींव है। प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, एकता और जिम्मेदारी की भावना के साथ देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य शलभ माथुर ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संविधान केवल नियमों का संग्रह नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है।

प्रत्येक विद्यार्थी को संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए। विद्यालय के प्रबंध निदेशक दीपेश चौहान के मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी सहयोग से विद्यालय में समय-समय पर इस प्रकार की शैक्षिक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाना है। लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के सफल संचालन में केशव कुमार, पुष्पेंद्र, संजीव, हर्ष एवं अक्षिता का विशेष सहयोग रहा। वहीं मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन योगेश कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखने में पीटीआई सचिन विश्नोई का विशेष योगदान रहा। सम्पूर्ण कार्यक्रम को विद्यालय की सीसीए टीम के सदस्यों नीतू चौधरी,शनि कटारिया एवं सचिन चौधरी ने सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न कराया। इस प्रकार विद्यालय में संविधान दिवस का आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार रहा।
