Spread the love

कथा व्यास श्री राधाशरण जी महाराज ने भक्तों को सुनाया भागवत ज्ञान का अमृत, भक्ति रस में सराबोर हुए दिल्ली से पहुंचे गोयल परिवार सहित श्रद्धालु

पूजा शर्मा

हरिद्वार। (परिपाटी न्यूज़) धर्मनगरी हरिद्वार की पावन धरा पर स्वर्गीय लाला जगन्नाथ गोयल एवं स्वर्गीय रहती देवी गोयल की पुण्य स्मृति में उनके समस्त परिजनों द्वारा सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। श्री नीलकंठ धाम, सत्यम विहार, भूपतवाला स्थित मां गंगा के पावन तट पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में वृंदावन धाम से पधारे परम पूज्य कथा व्यास श्री राधाशरण जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का अमृत रसपान करा रहे हैं। कथा के तीसरे दिन कथा व्यास श्री राधाशरण जी महाराज ने कपिल गीता, सती चरित्र, ध्रुव चरित्र एवं अजामिल चरित्र के पावन प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण एवं सुंदर वर्णन किया। उन्होंने श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भक्तों को भक्ति, ज्ञान, वैराग्य, धर्म और प्रभु की शरणागति का महत्व समझाया। कथा के दौरान भगवान की महिमा और भक्तों की अटूट श्रद्धा से जुड़े प्रसंगों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर दिल्ली से पधारे गोयल परिवार के समस्त सदस्य, बंधु-बांधव एवं मित्रगण बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ कथा में सम्मिलित हुए। सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक ज्ञान की गंगा में गोते लगाए। भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारों से पूरा कथा पंडाल भक्तिमय हो उठा। मां गंगा के पावन तट पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान श्रीहरि का स्मरण किया और कथा व्यास जी के मुखारविंद से भागवत महात्म्य का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

By PARIPATI NEWS

PARIPATI NEWS MEDIA GROUP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *