मूर्तियां बाहर फेंकने और पेड़ कटवाकर सीमेंट के खंभों से तारबंदी कराने का आरोप
मुकुट यादव
सम्भल। (परिपाटी न्यूज़) धनारी थाना क्षेत्र के सुनवर सराय की मढ़ैया गांव में धार्मिक आश्रम की जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है।ग्रामीण ने गांव के ही कुछ लोगों पर आश्रम की भूमि पर कब्जा करने,पेड़ कटवाने,सीमेंट के खंभे लगाकर तारबंदी कराने और देवी-देवताओं की मूर्तियां आश्रम से बाहर फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं,आश्रम में रहने वाली बुजुर्ग महिला पुजारन के साथ मारपीट किए जाने का दावा भी किया गया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जमीन की पैमाइश कराने,निर्माण रुकवाने और आश्रम दोबारा बनवाने की मांग की है। गांव निवासी नेम सिंह पुत्र बदन सिंह के अनुसार गाटा संख्या 65 की भूमि पर करीब दस वर्ष पुराना धार्मिक आश्रम बना हुआ था। यहां नियमित रूप से भजन-कीर्तन होते थे। आरोप है कि पड़ोस की गाटा संख्या 68 के कुछ लोगों ने आश्रम की जमीन को अपने खेत में मिलाकर कब्जा कर लिया।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। पीड़ित का कहना है कि बिना राजस्व विभाग से पैमाइश कराए पेड़ कटवाकर खंभे गाड़ दिए गए और लेखपाल से सांठगांठ कर तारबंदी करा दी गई।शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर विधानसभा क्षेत्र असमोली की भाजपा की संभावित प्रत्याशी अंजू सैनी कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा। ग्राम समाज की जमीन का विवाद भी चर्चा में ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि विवाद ग्राम समाज की जमीन को लेकर भी जुड़ा हो सकता है। एक ग्रामीण महिला ने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति के पास करीब डेढ़ बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा है और आश्रम बनने से यह कब्जा हटने की आशंका है।हालांकि,इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पीड़ित ने दोनों गाटों की पुलिस बल की मौजूदगी में सक्षम अधिकारियों द्वारा पैमाइश कराने की मांग की है।
