
रिर्पोट रक्षक राजपूत
मंडावर(परिपाटी न्यूज़)। मंडावर बालावाली मार्ग पर हर दिन हो रही है दुर्घटनाएं। दो दिन में हुई दो मौत। पहले ग्राम शेखुपुरा निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ रहतू और फिर और फिर नन्ही सी बच्ची नैना की गई जान।
मंडावर बालावाली मार्ग पर रोज ही दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। बीते दो दिनों में दो लोगों की जान जा चुकी है। कल रात ग्राम शेखुपुरा निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ रहतू अपने ही घर के सामने सड़क पार कर रहे थे उसे समय एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।

चोट की गंभीरता को देखकर परिवार जनों ने उन्हें बिजनौर के लाइफ लाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी जिस कारण से उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया , जहां उनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
और बृहस्पतिवार की शाम को अपनी भैंसा बुग्गी पर जा रहे महावीर और उसकी पोती नैना को ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे नैना की मौके पर ही मौत हो गई। बृहस्पतिवार की शाम करीब 7:30 बजे महावीर और उसकी 8 वर्षीय

पोती नैना भैंसा बुग्गी पर साप्ताहिक बाजार दयालवाला से अपने गांव हुसैनपुर जा रहे थे। तभी अचानक तेज गति से आ रहे ट्रक (HR55AC6467) ने अनियांत्रिक होकर टक्कर मार दी जिससे भैंसा बुग्गी के परखच्चे उड़ गए और नैना की मौके पर ही मृत्यु हो गई और महावीर भी काफी चोटिल हुए। यह मामला दयालवाल के पास रोड पर स्थित देसी शराब की दुकान के सामने का है।

हादसा देखकर वहां भीड़ इकट्ठी हो गई और भीड़ ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी खूब धुनाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया और भीड़ को शांत करने की कोशिश की। भीड़ इतनी उग्र हो गई की उन्होंने ट्रक में तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले करने की कोशिश की और मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी और थाना प्रभारी रवि तोमर ने जैसे तैसे भीड़ को शांत किया और रास्ता खुलवाया। नैना के शव को मंडावर थाना पुलिस ने जिला अस्पताल मोर्चरी पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।