अमित कुमार
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) कांठ। गढ़ी स्थित हॉवर्ड कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला पावन पर्व दीपावली बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीपावली से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ हुआ। इनमें दीया मेकिंग, रंगोली मेकिंग, दीपावली कार्ड मेकिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, हस्तकला एवं रचनात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की सीसीए इंचार्ज नीतू चौधरी ने किया। प्रतियोगिताओं के परिणाम में रंगोली प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस ने प्रथम, ब्लू हाउस ने द्वितीय, रेड हाउस ने तृतीय तथा येलो हाउस ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक दीपेश सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को धनतेरस और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेनू बिश्नोई ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपक केवल हमारे घरों को ही प्रकाशित नहीं करता, बल्कि ज्ञान का प्रकाश फैलाकर हमारे जीवन को भी उज्ज्वल बनाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा और संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं, विद्यालय के उपप्रधानाचार्य शलभ माथुर ने भी सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह, उमंग और दीपावली की खुशियों से सराबोर रहा। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
