अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर फादरसन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा छह के विद्यार्थियों के लिए एक आकर्षक नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी अभिनय कला और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए। प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों ने दो विषयों पर नाट्य प्रस्तुतियाँ दीं। पहला विषय ‘मोबाइल मैनर्स’ रहा, जिसके माध्यम से बच्चों ने मोबाइल फोन के उचित उपयोग, अनुशासन और डिजिटल शिष्टाचार के महत्व को दर्शाया। वहीं दूसरा विषय ‘सेव ट्रीज़’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने पेड़ों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और हरियाली बचाने का प्रेरणादायक संदेश दिया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा छह की छात्राओं ज़ैनब फातिमा (VI-C), काज़ी जुवेरिया (VI-C) एवं रिज़ा सुहैल (VI-B) ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संदीप कुमार सिंह एवं नवनीत वर्मा शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, अभिनय और विषय की समझ के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में ग्रुप बी की ‘सेव ट्रीज़’ प्रस्तुति ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का गौरव हासिल किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को समझने का अवसर भी प्रदान किया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश यही रहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
