Spread the love

रोनिक गोयल

बिजनौर ( परिपाटी न्यूज़) नहटौर। ब्लॉक क्षेत्र के गांव फत्तेपुर सीकरी में गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गुरुवार रात गुलदार ने गांव में आयुर्वेदिक अस्पताल के समीप एक बिजार पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन दरोगा राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। वहीं, गुलदार की तलाश में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेतों, आसपास के जंगलों और सुनसान स्थानों पर पहुंचे, लेकिन काफी तलाश के बाद भी गुलदार का कोई सुराग नहीं लग सका। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही से लोगों में भय बना हुआ है।

विशेषकर खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगवाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। मांग करने वालों में अन्नी त्यागी, हेमवीर त्यागी, अमित त्यागी, अनुग्रह, दिव्याक, वंश कुमार, अनमोल कुमार, राजवीर त्यागी और सुमित त्यागी आदि शामिल रहे। वन दरोगा राकेश कुमार ने बताया कि गांव में पहले भी गुलदार दिखाई देने की सूचना मिली थी। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की व्यवस्था की जा रही है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *