अभिषेक पाण्डेय
लखीमपुर खीरी (परिपाटी न्यूज) लखीमपुर शहर के लोटस वैली में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के कार्यक्रम में लगे बैनर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर गायब होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्यक्रम में लगाए गए बैनर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर तो दिखाई दे रही है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर नहीं लगाई गई है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। ऐसे में योजना के नाम से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की तस्वीर का बैनर से गायब होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

लोगों का कहना है कि कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान बैनर पर ध्यान दिया जाना चाहिए था। आखिर किस आधार पर बैनर तैयार कराया गया और कार्यक्रम स्थल पर लगाया गया, यह सवाल भी उठ रहा है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और बैनर में मुख्यमंत्री की तस्वीर नहीं लगाए जाने के पीछे क्या वजह सामने आती है।
