Spread the love

मुनेश चन्द शर्मा।

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) वैज्ञानिक खेती, नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए महिला किसानों को किया प्रेरित बिजनौर, 15 अक्टूबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष–2026 के अवसर पर कृषि क्षेत्र में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करने, उनकी भूमिका को सशक्त बनाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग, जनपद बिजनौर द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), नगीना में महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कृषकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कृषि प्रतियोगिता का आयोजन कर उत्कृष्ट प्रतिभागी महिला कृषकों को सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक बिजनौर डॉ. घनश्याम वर्मा उपस्थित रहे।

कृषि विज्ञान केंद्र, नगीना के कृषि वैज्ञानिक डॉ. के.के. सिंह, डॉ. पिंटू कुमार, डॉ. प्रतिमा गुप्ता एवं डॉ. शिवांगी के साथ प्रगतिशील कृषक शरद कुमार सिंह तथा कृषि विभाग के अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महिला किसानों को वैज्ञानिक खेती की उपयोगिता, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने नवीन कृषि ज्ञान, आधुनिक तकनीकों और बेहतर उत्पादन पद्धतियों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण के माध्यम से खेती की लागत को नियंत्रित करने तथा उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने की संभावनाओं को बेहतर बनाया जा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि महिला किसान कृषि कार्यों में सहभागिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और परिवार की आर्थिक समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बीज चयन, फसल उत्पादन, कटाई-पश्चात प्रबंधन तथा कृषि आधारित गतिविधियों में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला कृषकों को आधुनिक तकनीकों एवं नवीन कृषि पद्धतियों से जोड़कर उनकी कार्यक्षमता, ज्ञान और आत्मविश्वास में वृद्धि की जा सकती है।

कार्यक्रम के अंतर्गत महिला कृषकों के बीच कृषि प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कमलेश देवी पत्नी विजय सिंह चौहान, ममता पत्नी विजय कुमार, जगवती पत्नी श्री सतपाल, दीक्षा पत्नी हिमां सिंह तथा कुमारी स्वामी पुत्री प्रेम सिंह को कृषि विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ महिला वैज्ञानिकों एवं उप कृषि निदेशक बिजनौर द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित महिला कृषकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कृषि क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी बनाए रखने तथा अन्य महिलाओं को भी आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। महिला किसान दिवस का मुख्य उद्देश्य महिला कृषकों को नवीनतम कृषि ज्ञान एवं तकनीकों से जोड़कर उन्हें अधिक सक्षम, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना तथा कृषि विकास की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी को और अधिक सशक्त करना रहा। कार्यक्रम में महिला किसानों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका और उनकी बढ़ती सक्रियता को प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *