Spread the love

‎मुकुट यादव
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) थाना नखासा क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम ने बाल विवाह की सूचना पर कार्रवाई करते हुए करीब 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार,ग्राम ठिल्लूपुरा में एक मकान पर किशोरी का कथित रूप से जबरन बाल विवाह कराया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर किशोरी को मुक्त कराया और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक बुधवार को थाना नखासा की मिशन शक्ति टीम को ग्राम ठिल्लूपुरा में धर्मवीर पुत्र चंद्रपाल के मकान पर नाबालिग का बाल विवाह कराए जाने की जानकारी मिली। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 16 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। यह कार्रवाई शाम करीब 7:30 बजे की गई।

पुलिस ने किशोरी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल विवाह निवारण के लिए कार्यरत प्रयत्न संस्था के प्रभारी गौरी शंकर चौधरी को मामले से अवगत कराया। इसके बाद किशोरी को वन स्टॉप सेंटर बहजोई भेज दिया गया, जहां उसकी सुरक्षा और देखरेख की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी के आदेश पर वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी असमोली के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम ने कार्रवाई की।टीम में उपनिरीक्षक विशांत मलिक,कांस्टेबल हिमांशु गंधर्व तथा महिला कांस्टेबल शैली और सुगंधा शामिल रहीं। पुलिस के अनुसार,मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *