रोनिक गोयल
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) नहटौर। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकालने और मायके में घुसकर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम सलामताबाद निवासी सलोनी पुत्री श्यामलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 10 दिसंबर 2025 को चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव खानपुर मंजरा निवासी शिवा के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में उसके परिजनों ने स्विफ्ट कार, जेवर और नकदी समेत करीब 12.50 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद पति शिवा, ससुर राकेश सिंह और सास कमलेश देवी दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।

मांग पूरी नहीं होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता के अनुसार, चार जून 2026 की रात आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और स्त्रीधन व जेवर छीनकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद 20 जुलाई 2026 को आरोपित पक्ष के लोग उसके मायके पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की और कानों के कुंडल खींच लिए। शोर सुनकर पड़ोसियों के एकत्र होने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर नहटौर पुलिस ने पति शिवा, सास कमलेश देवी और ससुर राकेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी किशन अवतार सिंह ने बताया कि सलोनी की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
