Spread the love

उत्तम कुमार कश्यप

सीतापुर (परिपाटी न्यूज़) सीतापुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लहरपुर-बिसवां मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मॉर्निंग वॉक कर रहे दो लोगों और एक साइकिल सवार पीआरडी जवान को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में दोनों बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीआरडी जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। खानपुर सादात गांव के पास हुआ हादसा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे कोतवाली क्षेत्र के खानपुर सादात गांव के निकट हुआ। पीआरडी जवान रामस्वरूप (50) अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। दुर्भाग्यवश, उसी समय मॉर्निंग वॉक से अपने घर लौट रहे राकेश वर्मा (62) और रमेश चंद्र अवस्थी (68) भी इसी वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दो को किया मृत घोषित हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राकेश वर्मा और रमेश चंद्र अवस्थी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पीआरडी जवान रामस्वरूप का अस्पताल में उपचार किया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और पीआरडी जवान घायल हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वाहन और चालक का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *