251 निर्धन कन्याओं के विवाह की तैयारी तेज, विधायक उमेश कुमार ने खुद ट्रैक्टर चलाकर समतल किया विवाह स्थल
गुरप्रीत सिंह
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो जनप्रतिनिधि के जमीनी अंदाज को बयां कर रही है। 251 निर्धन बेटियों के हाथ पीले करने की बड़ी पहल को सफल बनाने के लिए खानपुर विधायक उमेश कुमार खुद मैदान में उतर आए। आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे विधायक ने न सिर्फ व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, बल्कि खुद ट्रैक्टर का स्टेयरिंग संभालकर विवाह स्थल को समतल करने में जुट गए। दरअसल, लक्सर में 24 नवंबर को 251 निर्धन कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह आयोजित होने जा रहा है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इसी क्रम में खानपुर विधायक उमेश कुमार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद ट्रैक्टर चलाकर मैदान को समतल किया और मौके पर मौजूद टीम के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुटे नजर आए। वहीं, कार्यक्रम में वीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए तैयार किए जा रहे हेलीपैड का भी विधायक ने निरीक्षण किया।

उन्होंने हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए निर्धारित मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। विधायक ने संबंधित टीम को स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। विधायक उमेश कुमार ने बताया कि 24 नवंबर को 251 बेटियों के विवाह एवं निकाह का आयोजन किया जाएगा। इस पुनीत कार्य में क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि समारोह में देशभर की कई जानी-मानी राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें किसान नेता राकेश टिकैत, गायक मासूम शर्मा, संजीव बालियान, जयंत चौधरी, केंद्रीय मंत्री और आचार्य बालकृष्ण सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। फिलहाल लक्सर में 251 बेटियों के जीवन की नई शुरुआत को यादगार बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। अब देखना होगा कि 24 नवंबर को आयोजित होने वाला यह भव्य सामूहिक विवाह समारोह किस तरह एक मिसाल कायम करता है।
