पूजा शर्मा
हरिद्वार। (परिपाटी न्यूज़)ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों और आयोजन को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। महाराज ने कहा कि हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ अत्यंत भव्य, दिव्य और आध्यात्मिक स्वरूप में मनाया जाएगा। कुंभ भारतीय सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना का एक महत्वपूर्ण पर्व है। इसे भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने गौ रक्षा और गौ सेवा के अभियान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा करना प्रत्येक सनातनी का धर्म और कर्तव्य है। गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व भी है। महाराज ने कुंभ मेले के दौरान गौ रक्षा को विशेष महत्व देने की बात कही और प्रत्येक नागरिक से इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के माध्यम से सनातन संस्कृति, गौ संरक्षण और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और सनातन धर्मावलंबियों से कुंभ को भव्य एवं दिव्य बनाने के साथ-साथ गौ रक्षा और गौ सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपील की।
