सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई जुमे की नमाज
मुकुट यादव
सम्भल। (परिपाटी न्यूज़)हरिहर मंदिर मुक्ति अभियान के तहत निकाली गई पदयात्रा के बाद शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर की शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। मस्जिद में करीब 1200 नमाजियों ने नमाज अदा की।इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए रहे।
गुरुवार को मां कैला देवी धाम से शाही जामा मस्जिद की ओर हरिहर मंदिर मुक्ति यात्रा निकाली गई थी। यात्रा को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया था। इस दौरान बैरिकेडिंग के पास कुछ देर तक गहमागहमी और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन ने संतों को समझाकर स्थिति को संभाला था।यात्रा के दौरान बैरिकेडिंग पर हुई गहमागहमी को देखते हुए प्रशासन ने शुक्रवार को किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती। मस्जिद और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रही।

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लगातार निगरानी की।नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी गई, ताकि कोई भ्रामक या भड़काऊ संदेश माहौल खराब न कर सके।करीब 1200 नमाजियों द्वारा जुमे की नमाज अदा किए जाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
