एसएम इंटर कॉलेज में पुलिस ने चलाया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान,एनसीसी कैडेट्स को भी दी जानकारी
मुकुट यादव
सम्भल/(परिपाटी न्यूज़)चन्दौसी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एसएम इंटर कॉलेज में यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी देकर सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित हुआ। यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। वाहन हमेशा निर्धारित गति सीमा में चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है,इसलिए इससे बचना जरूरी है।

पुलिसकर्मियों ने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील करते हुए कहा कि अभिभावकों को भी इस दिशा में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर और निर्धारित स्थान से ही सड़क पार करनी चाहिए।विद्यार्थियों को समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं,बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
