Spread the love

सोलर ब्लिंकर, रंबल स्ट्रिप और जेब्रा क्रॉसिंग से हादसों पर लगेगी लगाम,गड्ढों की भी हो रही मरम्मत

मोहम्मद इमरान

सम्भल (परिपाटी न्यूज़) बहजोई। नेशनल हाईवे-509 पर सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं।जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देश पर हाईवे पर चेतावनी बोर्ड लगाने से लेकर गड्ढों की मरम्मत,साफ-सफाई और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।अलीगढ़ से मुरादाबाद को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-509 सम्भल जनपद में नरौरा बैराज,गुन्नौर,बबराला,बहजोई और चंदौसी से होकर गुजरता है। वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए अफजलपुर डरवारी,बहजोई समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 144 सूचनात्मक एवं चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इसके अलावा तीन स्थानों पर आठ सोलर ब्लिंकर और सीमांकन बोर्ड अगले 15 दिनों में लगाए जाएंगे।भुलावई समेत कई स्थानों पर रंबल स्ट्रिप बनाई गई हैं,जबकि रसूलपुर कैली,अकरौली,चंदौसी, बनियाखेड़ा,आटा और मझावली सहित कई स्थानों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र और गति सीमा के बोर्ड लगाए गए हैं। पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए जेब्रा क्रॉसिंग भी बनाई गई हैं।

मुहम्मदगंज और आरीखेड़ा में सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराई गई है। हाईवे किनारे झाड़ियों की कटाई, मशीनों से सफाई और जलभराव की समस्या दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बाघऊ, गंगाबास और फतेहपुर में मेटल बीम क्रैश बैरियर भी लगाए गए हैं।आपात स्थिति में मदद के लिए बबराला और फतेहपुर-नेहटा टोल प्लाजा पर एंबुलेंस तैनात की गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य हाईवे पर सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *