प्रिंस शर्मा
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) कांठ प्राथमिक विद्यालय माननगर में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संचालित शैक्षिक गतिविधियों, बच्चों के ज्ञान और रचनात्मक कार्यों को देखकर खंड शिक्षा अधिकारी काफी प्रभावित नजर आए। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों से सामान्य ज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे और उनकी जानकारी को परखा। इसके साथ ही बच्चों की शैक्षिक गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। विद्यालय की दीवारों पर लगाए गए शैक्षिक पोस्टर एवं टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) को बच्चों से पढ़वाकर उनकी समझ और सीखने की क्षमता का भी जायजा लिया।विशेष रूप से स्पेशल शनिवार के अंतर्गत आयोजित नो बैग डे पर बच्चों द्वारा तैयार किए गए टॉन एवं क्राफ्ट कार्य को देखकर अधिकारी अत्यधिक प्रभावित हुए।

उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता, मेहनत और विद्यालय में कराई जा रही गतिविधियों की सराहना की। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक भुवनेश कुमारी द्वारा विद्यालय में किए जा रहे शैक्षिक एवं रचनात्मक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके द्वारा किए जा रहे प्रयास अन्य विद्यालयों के शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।विद्यालय की इस उपलब्धि से शिक्षकों और बच्चों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
