बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने गंज नहर पुलिया के पास तमंचा दिखाकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अक्टूबर 2026 को वादी कय्यूम पुत्र मरहूम हाशिम निवासी ग्राम सल्लूपुर, थाना हीमपुर दीपा, जनपद बिजनौर ने थाना कोतवाली शहर में तहरीर दी थी कि 3 अक्टूबर को गंज नहर पुलिया के पास अज्ञात अभियुक्तों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उससे ₹600 नकद, सैमसंग मोबाइल फोन तथा सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP20AP3497 लूट ली थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान तीन आरोपियों दीपक उर्फ छोटू पुत्र तेजपाल सिंह निवासी ग्राम सुजातपुर खादर थाना चांदपुर, नितिन कुमार पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम महमूदा खादर थाना हीमपुर दीपा तथा दीपक उर्फ दीप पुत्र किरनपाल निवासी ग्राम सुजातपुर खादर थाना चांदपुर के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने 6 अक्टूबर 2026 को घटना का सफल

अनावरण करते हुए आरोपी दीपक उर्फ छोटू और नितिन कुमार को लूटी गई मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त 315 बोर के तमंचे व एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया। वहीं तीसरे आरोपी दीपक उर्फ दीप को घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटे गए मोबाइल फोन के साथ गंज-हल्दौर रोड नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दीपक उर्फ छोटू इंस्टाग्राम के माध्यम से एक व्यक्ति के संपर्क में आया था, जिसने मोटरसाइकिल लाने तथा आगे सुल्तानपुर, उत्तराखंड स्थित पीएनबी शाखा में बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बताई थी। इसी योजना के तहत तीनों आरोपी लूटी गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लेकर सुल्तानपुर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान ग्राम निजामतपुर के जंगल स्थित मध्य गंगा नहर पुलिया के पास पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया। बरामदगी एवं साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/61(2) बीएनएस व धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक उर्फ छोटू पुत्र तेजपाल सिंह निवासी ग्राम सुजातपुर खादर थाना चांदपुर, नितिन कुमार पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम महमूदा खादर थाना हीमपुर दीपा तथा दीपक उर्फ दीप पुत्र किरनपाल निवासी ग्राम सुजातपुर खादर थाना चांदपुर शामिल हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 रोहिताश कुमार, का0 सुनील कुमार, का0 नेपाल कुमार, का0 अर्जुन सिंह कुमार, का0 दीपक कुमार, का0 मंथक पौरिया कुमार, का0 सचिन तथा का0 अंकित शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
