Spread the love

विक्की जोशी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)। झालू मंडल के अंतर्गत महात्मा विदुर की पावन नगरी विदुर कुटी स्थित श्री विदुर गुरु ग्रह इंटर कॉलेज के प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों और उनके 25 वर्षों के सेवाकाल की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम का आयोजन महात्मा विदुर मंदिर के प्रांगण में किया गया, जहां श्री विदुर गुरु ग्रह इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने अपने अभिनय एवं संवादों के माध्यम से राष्ट्रसेवा,

समर्पण, सामाजिक जिम्मेदारी तथा देश के विकास में नागरिकों की भूमिका जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से उपस्थित लोगों को राष्ट्रहित एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संदेश भी दिया गया।नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के दौरान छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बना। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। उपस्थित लोगों ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुति को ध्यानपूर्वक देखा और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति जागरूक रहने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक की सराहना की और कहा कि विद्यार्थियों में देश, समाज एवं राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूकता पैदा करने वाले ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपनी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति भी सजग रहने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर श्री विदुर गुरु ग्रह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कैलाश चंद्र सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। महात्मा विदुर मंदिर के पावन प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम ने शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रसेवा के संदेश को एक साथ जोड़ने का कार्य किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा एवं समर्पण के 25 वर्षों की चर्चा की गई, वहीं समाज और देश के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

By विक्की जोशी

मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *