Spread the love

‎मुकुट यादव
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) जनपद में ऐतिहासिक 24 कोसीय परिक्रमा यात्रा का शुक्रवार तड़के शुभारम्भ हो गया। परिक्रमा शुरू होते ही विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के जत्थे उमड़ने लगे। रात से ही मंदिरों और परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने शुक्रवार को सम्भल और हयातनगर थाना क्षेत्र में परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और एसपी सबसे पहले थाना सम्भल क्षेत्र के क्षेमनाथ मंदिर पहुंचे। इसके बाद हयातनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदायन स्थित चंद्रेश्वर मंदिर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा।अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।परिक्रमा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे मार्ग को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है।

प्रत्येक सेक्टर में राजपत्रित अधिकारियों,निरीक्षकों और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। क्षेमनाथ मंदिर,बृजगोपाल मंदिर,चंद्रेश्वर मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों और मेला क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है।भीड़ को नियंत्रित करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। वहीं ड्रोन कैमरों के माध्यम से परिक्रमा मार्ग और भीड़भाड़ वाले स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है।यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल को आवश्यक उपकरणों के साथ मुस्तैद रखा गया है।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य परिक्रमा यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *