भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुकुट यादव
सम्भल (परिपाटी न्यूज़) रजपुरा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सिसौना डांडा में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने पुलिस अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम भी जानी। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत क्षेत्राधिकारी गुन्नौर अंकित मिश्रा और क्षेत्राधिकारी यातायात स्तुति सिंह के साथ थाना रजपुरा क्षेत्र के सिसौना डांडा मेले में पहुंचे।

अधिकारियों ने मेला परिसर में सुरक्षा इंतजामों,पुलिस की तैनाती और यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके संबंध में जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान एएसपी ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले में लगातार सतर्क दृष्टि बनाए रखें और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था रखें।उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने,प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की सक्रिय ड्यूटी लगाने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिकता है।
