जमीन के विवाद में घर के बाहर घेरकर पीटा,जिला अस्पताल में कराया मेडिकल
गौतम सागर
सम्भल। (परिपाटी न्यूज़)हयातनगर थाना क्षेत्र के ऐचौली गांव में शादी की खुशियां में अफरा तफरी मच गईं,जब विवाह के अगले ही दिन दूल्हे के साथ मारपीट कर दी गई। मंगलवार सुबह घर से बाहर निकलते ही उस पर हमला कर दिया गया। पीड़ित ने अपने चचेरे भाइयों समेत परिवार के करीब सात लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के पीछे जमीन का पुराना विवाद बताया जा रहा है। ऐचौली निवासी कृष्णपाल पुत्र मुंशी की सोमवार को बिलारी निवासी क्रांति के साथ शादी हुई थी। मंगलवार सुबह करीब छह बजे कृष्णपाल अपने कमरे से बाहर निकला तो आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे रिश्तेदारों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमले में कृष्णपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के मुताबिक, परिवार में नौ से दस बीघा जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है।

जमीन की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये बताई गई है। आरोप है कि उसके रिश्तेदार जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और इसी वजह से उसकी शादी का भी विरोध कर रहे थे। इससे पहले भी जमीन को लेकर परिवार में विवाद और मारपीट हो चुकी है। कृष्णपाल मुरादाबाद में पॉलिश का काम करता है।घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचा,जहां से उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दोपहर करीब दो बजे उसने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
