Spread the love

अवधेश कुमार मौर्य

सीतापुर ( परिपाटी न्यूज़) सीतापुर। तालगांव कोतवाली क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर गंभीर रूप से घायल हुए किसान ओमप्रकाश की मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने सुबह करीब 10 बजे अंतिम सांस ली। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, तालगांव कोतवाली क्षेत्र के मेहंदीपुरवा निवासी किसान ओमप्रकाश और कंजासरीफपुर निवासी मोईन व अनीश के बीच लंबे समय से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बीते शुक्रवार, 20 नवंबर को यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा। बताया जाता है कि घटना वाले दिन ओमप्रकाश अपने खेत में खाद डाल रहे थे। इसी दौरान मोईन पुत्र कमरुद्दीन अपने साथियों के साथ खेत पर पहुंचा। रुपये वापस मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने अवैध तमंचे से दो राउंड हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद जब मोईन ट्रैक्टर लेकर वहां से जाने लगा, तो ओमप्रकाश उसे रोकने के लिए ट्रैक्टर के सामने आ गए। आरोप है कि चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका और ओमप्रकाश को टक्कर मारते हुए उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस हादसे में ओमप्रकाश के दोनों पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए थे। घटना के बाद मोईन भी कोतवाली पहुंचा और अपने पैर में गोली लगने की बात कही, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया था। वहीं, गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *