Spread the love

अवधेश कुमार मौर्य

सीतापुर (परिपाटी न्यूज़) सीतापुर जिले में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। एक चलती रोडवेज बस से गिरकर 40 वर्षीय महिला शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिक्षिका बस के दरवाजे पर थूकने के लिए आई थीं, तभी अचानक रफ्तार तेज होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर जा गिरीं। बस कंडक्टर ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पानी पीकर गेट पर थूकने आई थीं प्राप्त जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद के सरावगी टोला की रहने वाली विभा गुप्ता (40 वर्ष) पिसावा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। वह दाहिने हाथ से दिव्यांग थीं और उनकी शादी नहीं हुई थी। शुक्रवार सुबह विभा महमूदाबाद से सीतापुर जाने वाली रोडवेज बस (यूपी 34 एटी 3998) में सवार हुई थीं। वह सिधौली में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर जा रही थीं।

दोपहर करीब 1:30 बजे, जब बस थाना रामपुर कला क्षेत्र के पट्टी गांव के पास बिसवां-महमूदाबाद मार्ग पर पहुंची, तो विभा पानी पीने के बाद थूकने के लिए दरवाजे के पास आईं। कंडक्टर ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बस की रफ्तार काफी तेज थी। एक जोरदार झटका लगने के कारण विभा दरवाजे के हैंडल को सही से पकड़ नहीं सकीं और लड़खड़ाकर सीधे नीचे गिर गईं। दरवाजे के पास खड़े कंडक्टर ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बस की गति तेज होने के कारण वह असफल रहा। सड़क पर गिरने से शिक्षिका का सिर फट गया और काफी खून बह गया। हादसा होते ही बस में चीख-पुकार मच गई। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित मृत किया। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कर रही है जांच

रामपुर कला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि चलती बस से संतुलन बिगड़ने के कारण ही यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बस के ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है और बस में सवार अन्य यात्रियों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।शिक्षिका की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कह रही है।

By Rahul Tomer

C.E.O(IT Dept.) Paripati News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *