Spread the love

गुरप्रीत सिंह

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर क्षेत्र में सैनी समाज की आस्था, गौरव और सामाजिक एकता का भव्य नजारा देखने को मिला। सैनी समाज के कुलदेवता महाराजा भगीरथ जी एवं बालाजी सरकार की विशाल प्रतिमा स्थापना के साथ-साथ चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान और करुणा के सागर भगवान गौतम बुद्ध जी की प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सादाबाद से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका समापन महाराजा भगीरथ धाम, बालावाली घाट पर हुआ। वहीं शोभायात्रा के दौरान खानपुर विधायक उमेश कुमार का जगह-जगह जेसीबी से पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया।शोभायात्रा की शुरुआत सादाबाद से हुई। ढोल-नगाड़ों, जयकारों और भारी उत्साह के बीच निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा का रास्ते में जगह-जगह फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया।इस दौरान खानपुर विधायक उमेश कुमार का सैनी समाज और वैश्य समाज के लोगों ने विशेष रूप से स्वागत किया। कई स्थानों पर दोनों ओर जेसीबी मशीनें खड़ी कर विधायक उमेश कुमार पर फूलों की वर्षा की गई।

भव्य स्वागत और सम्मान को देखकर शोभायात्रा में शामिल लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा में सैनी समाज के मोहित सैनी, चंदनपुरी, सोनवीर प्रधान माड़ाबेला, मोनू सैनी, अंकित सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता की और समाज की एकजुटता का परिचय दिया। शोभायात्रा महाराजा भगीरथ धाम, बालावाली घाट पहुंची, जहां विधिवत रूप से इसका समापन हुआ। इसके पश्चात हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रतिमाओं की स्थापना की गई। इस अवसर पर महाराजा भगीरथ जी, बालाजी सरकार, चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान और भगवान गौतम बुद्ध के आदर्शों को याद किया गया आयोजन ने सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और महापुरुषों के सम्मान का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं विधायक उमेश कुमार के स्वागत ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया। कुल मिलाकर महाराजा भगीरथ धाम में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सामाजिक भाईचारे और महापुरुषों के प्रति सम्मान का प्रतीक बना। शोभायात्रा से लेकर प्रतिमा स्थापना तक पूरे आयोजन में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *