मोहम्मद इमरान
सम्भल।(परिपाटी न्यूज़)खेत पर रखी धान की पराली और कृषि उपकरणों में अचानक आग लगने से गरीब महिला को भारी नुकसान हो गया। आग में पराली,खाद,लिहाफ समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता ने सोमवार को एसडीएम को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। तहसील व जिला संभल के गांव खग्गूपुरा निवासी ममता पत्नी संजीव ने एसडीएम संभल को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 20 नवंबर 2026 को शाम करीब चार बजे उसके घर और खेत पर रखी चार बीघा जमीन की धान की पराली,कृषि यंत्र,खाद,लिहाफ तथा अन्य सामान में अचानक आग लग गई। पीड़िता के अनुसार आग लगने की सूचना गांव वालों से मिली,जिसके बाद उसने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया,लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

पीड़िता ने बताया कि उसके पास तीन गाय और तीन भैंस हैं। पशुओं के चारे के लिए उसने धान की पराली खरीदी थी और कुछ पराली खेत में भी रखी थी। आग में पराली जलने से अब पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो गई है।ममता ने बताया कि वह बेहद गरीब और मजदूर महिला है। आग की घटना से उसे आर्थिक नुकसान हुआ है। उसने एसडीएम से हल्का लेखपाल के माध्यम से घटना की जांच कराकर सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है,ताकि पशुओं के चारे की व्यवस्था के साथ परिवार को आर्थिक राहत मिल सके।
