पुलिस लाइन में हुआ कार्यक्रम,एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का संकल्प
मुकुट यादव
सम्भल।(परिपाटी न्यूज़)पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने पुलिस ध्वज फहराकर सम्मान प्रकट किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस कलर (पुलिस ध्वज का प्रतीकात्मक बैज) लगाया गया। साथ ही पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से भेजे गए संदेश का वाचन कर पुलिसकर्मियों को सुनाया गया। पुलिस झंडा दिवस के मौके पर एसपी ने पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा,शौर्य और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा,ईमानदारी,अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। आमजन की सुरक्षा,कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से पुलिस ध्वज की आन,बान और शान बनाए रखने का आह्वान किया।उल्लेखनीय है कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता,अदम्य साहस और समर्पित सेवाओं के लिए पुलिस कलर प्रदान किया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था। पुलिस ध्वज के लाल और नीले रंग पुलिस बल की शक्ति, निष्ठा और गौरवशाली परंपरा के प्रतीक हैं।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज के सम्मान तथा विभाग की प्रतिष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया।
