Spread the love

नगर कोतवाली क्षेत्र में हादसा, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेश

मोहन कुमार शर्मा

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज़)। नगर कोतवाली क्षेत्र में गणपति की मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। डोईवाला क्षेत्र की केशव बस्ती निवासी 14 वर्षीय किशोरी प्रीति गंगा के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और किशोरी की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बावजूद समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका था।बताया गया कि बुधवार दोपहर प्रीति अपने परिवार के साथ गणपति विसर्जन के लिए लालजीवाला बस्ती के पास स्थित बड़ी गंगा क्षेत्र में पहुंची थी। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गणपति की मूर्ति के विसर्जन के दौरान किशोरी अचानक गंगा के पानी में गिर गई। देखते ही देखते वह तेज बहाव की चपेट में आ गई और पानी के साथ

बहने लगी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंगा में पानी का बहाव तेज होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों ने किशोरी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि पानी के बहाव के साथ किशोरी गंगा के पानी के डायवर्जन के लिए बनाए गए रपटे के समीप पहुंची और वहां लगे कंक्रीट के आरसीसी ड्रेनेज पाइप की ओर चली गई। इसके बाद वह दिखाई नहीं दी।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और एसडीआरएफ को भी सूचना दी। एसडीआरएफ के जवानों ने गंगा में संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। तेज बहाव और नदी की स्थिति को देखते हुए तलाशी अभियान में टीम को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किशोरी के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम गंगा के आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और किशोरी की तलाश जारी है।

By विक्की जोशी

मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *