विद्यार्थियों को बताया माता-पिता का महत्व
रक्षक राजपूत
बिजनौर (परिपाटी न्यूज)। अर्चना विश्वास की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर डॉ. सीमा बिस्वास ने अपनी माता अर्चना विश्वास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान डॉ. सीमा बिस्वास ने विद्यार्थियों को माता-पिता के जीवन में महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि माता-पिता का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है। वे हर कठिन परिस्थिति में चट्टान की तरह अपने बच्चों के साथ खड़े रहते हैं और उनके बेहतर भविष्य के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर देते हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि माता-पिता के त्याग, प्रेम और संघर्ष को कभी नहीं भूलना चाहिए। उनका सदैव सम्मान करना चाहिए, उनकी बातों को समझना चाहिए और उनके प्रति कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए। माता-पिता का आशीर्वाद और मार्गदर्शन ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पारिवारिक संस्कार, संवेदनशीलता और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।
