Spread the love

अवधेश कुमार मौर्य

सीतापुर (परिपाटी न्यूज़) रउवापुर नेवादा क्षेत्र के रउवापुर नेवादा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब केवानी नदी के रास्ते बहकर आया एक विशालकाय मगरमच्छ गांव के बड़े तालाब में आ पहुंचा। तालाब के किनारे इतने बड़े जीव को देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए और यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते तालाब के पास भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मंडल महामंत्री प्रतिनिधि कौशल कुमार मौर्य, बीडीसी रीतेश कुमार, मुन्नी लाल और बबलू मौर्य सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अनहोनी की आशंका को टालने के लिए मंडल महामंत्री प्रतिनिधि कौशल कुमार मौर्य ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्थानीय वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दी।


सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत गांव पहुंच गई। वन कर्मियों ने ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। भारी मशक्कत और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से जाल में फंसाकर पकड़ लिया गया। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को पूरी सुरक्षा के साथ सुरक्षित प्राकृतिक आवास यानी नदी में छोड़ दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *