Spread the love

प्रिंस शर्मा

मुरादाबाद परिपाटी न्यूज़ कांठ उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ब्याज माफी योजना-2026 को लेकर शुक्रवार को कांठ मेन मार्केट स्थित वैश्य धर्मशाला में जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। दोपहर 2:30 बजे शुरू हुए इस कैंप में राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र के व्यापारियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया।कार्यक्रम में जॉइंट कमिश्नर शैलेन्द्र उपाध्याय, डिप्टी कमिश्नर रंजीत कुमार तथा असिस्टेंट कमिश्नर पवन कुमार सहित राज्य कर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों को बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना के अंतर्गत पुराने VAT, व्यापार कर, प्रवेश कर और केंद्रीय बिक्री कर के बकाया मामलों में ब्याज पर छूट प्रदान की जा रही है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि ब्याज माफी योजना 16 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक लागू रहेगी। योजना का लाभ लेने के इच्छुक व्यापारी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने पुराने बकाया से संबंधित अभिलेखों की जांच कराकर योजना का लाभ उठाएं।जागरूकता कैंप के दौरान कांठ क्षेत्र से पहुंचे व्यापारियों ने अपने पुराने कर बकाया और योजना से संबंधित विभिन्न सवाल अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं और शंकाओं का मौके पर ही समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी दी। कैंप में बड़ी संख्या में व्यापारियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के आयोजक एडवोकेट मोहम्मद सलमान सैफी ने कैंप में पहुंचे राज्य कर विभाग के अधिकारियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से व्यापारियों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिलती है और उन्हें अपने पुराने कर संबंधी मामलों का निस्तारण कराने में सहायता मिलती है। इस अवसर पर कांठ क्षेत्र के सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे। कैंप के माध्यम से व्यापारियों को ब्याज माफी योजना की जानकारी देकर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *