प्रिंस शर्मा
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) कांठ के प्राथमिक विद्यालय माननगर में इको क्लब के तहत स्पेशल कैंपेन-6 के अंतर्गत चार बिन प्रणाली (4 बिन सिस्टम) के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों को कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन के उपयोग की जानकारी दी गई।विद्यालय की प्रधानाध्यापक भुवनेश कुमारी ने विद्यार्थियों को हरे, नीले, लाल और काले रंग के डस्टबिन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर निर्धारित डस्टबिन में डालने से विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में मदद मिलती है।

साथ ही, कचरे का सही तरीके से निस्तारण करने से गंदगी फैलने की समस्या को भी कम किया जा सकता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। विद्यार्थियों को बताया गया कि कूड़े-कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय उचित स्थान पर डालना चाहिए तथा अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।इको क्लब के अंतर्गत आयोजित इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने और स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में अच्छी आदतें विकसित करने के साथ-साथ समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
