मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) नखासा। थाना नखासा क्षेत्र की रिठाली चौकी के अंतर्गत गांव भारतल सिरसी (मिलक) में मजदूरी करने जा रहे एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही पिता-पुत्र पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिजनों के साथ थाने पहुंचे घायल ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। जानकारी के अनुसार,झम्मन सिंह (45) पुत्र दुर्गापाल सिंह निवासी भारतल सिरसी (मिलक), थाना नखासा, सोमवार सुबह करीब सात बजे सम्भल में मजदूरी करने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही पिता-पुत्र मिल गए।

दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया,जिससे झम्मन सिंह घायल हो गए।मारपीट के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना के बाद परिजन घायल झम्मन सिंह को लेकर थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की।पुलिस ने घायल को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है और उसका मेडिकल परीक्षण करा दिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
