Spread the love

शिव कुमार

सम्भल ( परिपाटी न्यूज़ )
कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों,साफ-सफाई, गौशालाओं की व्यवस्थाओं तथा जनसुविधाओं की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में संचालित गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया जाए। गौशालाओं में किसी भी प्रकार की सुविधा की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर कराया जाए। उन्होंने आगामी सर्दी के दृष्टिगत गौशालाओं में पशुओं के संरक्षण एवं देखभाल से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो। बैठक में अंत्येष्टि स्थलों, नाला निर्माण, जल निकासी तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नगरीय निकायों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निष्पक्ष रूप से की जाए। इसके साथ ही भूमि संबंधी विवादों का नियमानुसार समाधान करते हुए नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निकायों के प्रतिनिधियों से विकास कार्यों की प्रगति एवं जनसुविधाओं में सुधार के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की।
उन्होंने आगामी सर्दी एवं त्योहारों के दृष्टिगत सभी नगरीय निकायों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर रामानुज सहित नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *