मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) चंदौसी में पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी विवादों को सुलझाने का प्रयास किया गया। बुधवार को गौशाला रोड स्थित पिंक चौकी में आयोजित बैठक में काउंसलरों की मदद से पारिवारिक विवादों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने की पहल की गई। बैठक में कुल 29 पत्रावलियों की सुनवाई की गई, जिनमें सात पत्रावलियों का निस्तारण किया गया। इस दौरान तीन परिवारों को आपसी सहमति से फिर से मिलाने में सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चंद्र त्रिपाठी के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिण मनोज रावत और क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र की बैठक आयोजित हुई।

इसकी अध्यक्षता परामर्श केंद्र प्रभारी एवं महिला थानाध्यक्ष डॉ.रुकम पाल सिंह ने की।बैठक में पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों को गंभीरता से सुना गया। काउंसलरों ने दोनों पक्षों की समस्याओं को समझते हुए आपसी बातचीत के माध्यम से मतभेद दूर करने का प्रयास किया। उद्देश्य परिवारों को टूटने से बचाना और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराना रहा।बैठक में एक पत्रावली में विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई। वहीं, तीन अन्य पत्रावलियों को आवेदकों द्वारा पैरवी न करने अथवा अन्य कारणों से बंद किया गया।इस अवसर पर काउंसलर श्वेता गुप्ता, संगीता भार्गव,पूनम अरोरा, उपनिरीक्षक रेनू राठी और हेड कांस्टेबल मनोहर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
