Spread the love

मुकुट यादव

‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना रायसत्ती पुलिस की ओर से बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं को ताइक्वांडो एवं आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, साहस और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए सक्षम बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना और कठिन परिस्थितियों में धैर्य एवं साहस के साथ निर्णय लेना बेहद जरूरी है। ताइक्वांडो और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बालिकाओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ ही उनमें मानसिक मजबूती विकसित करने में भी सहायक है।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने, उनमें निर्भीकता का भाव पैदा करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। थाना रायसत्ती में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी विपरीत परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि बालिकाएं अपनी क्षमताओं को पहचानें,आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और किसी भी परिस्थिति में स्वयं को कमजोर न समझें।नारी सुरक्षा,नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *