अमित सैनी
ऋषिकेश (परिपाटी न्यूज़)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के शुभ अवसर पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल, वीरभद्र, ऋषिकेश (देहरादून) के सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ तथा पर्यावरण संरक्षण एवं योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योगाचार्य डॉ. दीपक गुप्ता ने उपस्थित योगार्थियों को योग का महत्व बताते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ जोड़ना है। योग हमारे शरीर, मन और जीवनशैली को संतुलित एवं स्वस्थ बनाता है। उन्होंने कहा कि योगासन और प्राणायाम केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण विज्ञान है, जिसके माध्यम से व्यक्ति स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन प्राप्त कर सकता है। हमारे ऋषि-मुनि इसी योग विद्या के बल पर लंबे समय तक जीवित रहकर समाज को ज्ञान एवं शिक्षा प्रदान करते थे।विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह गुलेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरा विश्व भारत की योग परंपरा की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। वर्तमान समय में

अधिकांश लोग किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त हैं और गंभीर रोगों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में योग ही वह माध्यम है जो मनुष्य को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रख सकता है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति प्रतिदिन मात्र एक घंटा योग के लिए समर्पित करे तो उसे अनेक प्रकार की बीमारियों और दवाइयों से मुक्ति मिल सकती है।कार्यक्रम के संयोजक एवं पर्यावरण संरक्षण एवं योग समिति के प्रतिनिधि डॉ. सुधीर कुमार ने योग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है और पर्यावरणीय असंतुलन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ओजोन परत में बढ़ते छिद्र औरग्लोबल

वार्मिंग के कारण आने वाले समय में मानव जीवन संकट में पड़ सकता है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए आगे आने का आह्वान किया।इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के नगर समन्वयक मनोज कुमार गुप्ता, समाजसेवी एवं पूर्व विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अपर्णा सिंह, रेड क्रॉस सोसाइटी के काउंसलर ओमप्रकाश गुप्ता, पीएससी के सूबेदार अंकित डंगवाल, आर.एस. यादव, कन्हैया प्रसाद, हेमा शर्मा, गीता रावत, लक्ष्मी कठेत, विजय यादव, गौरी शर्मा, पलक, शंकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं विद्यार्थियों ने योगाभ्यास कर योग की शिक्षा ग्रहण की।कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाना रहा। योग महोत्सव में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।